सरूरपुर। कस्बा हर्रा चौकी की दीवार गिरने से दबकर दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवकों के पैर में गंभीर चोट आई है। युवकों के चोट लगने की सूचना पर स्थानीय निवासी धरने पर बैठ गए। मुआवजे की मांग पूरी होने पर धरना समाप्त किया गया।
कस्बा हर्रा निवासी अफजाल पुत्र इकबाल व लुकमान पुत्र फरमान शनिवार को पुलिस चौकी की दीवार के पास बैठे थे। फाइनेंस कंपनी वाले क्रेन की मदद से एक गाड़ी को खींचकर चौकी के अंदर ले जा रहे थे। इसी बीच क्रेन से चौकी की दीवार गिर गई। दीवार के पास बैठे दोनों युवक दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को दीवार के नीचे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया।
परिजनों ने बताया कि दीवार के नीचे दबने से दोनों युवकों के पैर में फ्रेक्चर हो गया है। दोनों के परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। इसके बाद परिजन प्रयास सेवा समिति के पदाधिकारियों के साथ मुआवजे की मांग के लिए धरने पर बैठ गए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के चलते हादसा हुआ। जबकि फाइनेंस कंपनी किसी गाड़ी को अपने कब्जे में लेती है तो वह उसे अपनी निजी पार्किंग में खड़ा करती है। थाना व चौकी से उसका कोई वास्ता नहीं होता। धरने के दौरान मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। कई घंटे तक हंगामा चला। धरना दिए जाने पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने फाइनेंसर के जरिये घायल दोनों युवकों का उपचार कराने व इलाज का खर्च देने के आश्वासन पर धरना समाप्त कराया।