संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। टीपी नगर थाना क्षेत्र में 15 जुलाई की रात बागपत रोड पर एक तेज रफ्तार बाइक ने दूसरी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जसवंतनगर निवासी आकाश के पैर का अंगूठा कट गया, जबकि उसके साथी ऋषभ का हाथ टूट गया। दोनों घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। आकाश के भाई कपिल कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की है। कपिल ने बताया कि आकाश और ऋषभ कैमरे लगाकर घर लौट रहे थे, तभी शनिदेव मंदिर के पास यह दुर्घटना हुई। टक्कर के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने कहा कि बाइक नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।