इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम, परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराया अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। थाना क्षेत्र के गांव चंदपुरा में बृहस्पतिवार शाम दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर के पिछले पहिये की चपेट में आने से दो वर्षीय मासूम गोलू की मौत हो गई। हादसे के समय पिता घर के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉली पीछे कर रहा था। अचानक बच्चा ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गया। परिजन गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, गांव चंदपुरा निवासी सौरभ कस्बा खरखौदा निवासी किसान रब्बो त्यागी के खेत में गन्ने की छिलाई का काम करता है। बृहस्पतिवार शाम काम खत्म होने के बाद वह रब्बो त्यागी के ट्रैक्टर-ट्रॉली से पशुओं का चारा लेकर घर पहुंचा था। सौरभ ट्रॉली से चारा उतारने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पीछे करने लगा। इसी दौरान उसका दो वर्षीय बेटा गोलू अचानक ट्रैक्टर के पिछले पहिये की चपेट में आ गया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इन्कार करते हुए बिना पोस्टमार्टम कराए ही बच्चे के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
सीओ किठौर विश्व ज्योति राय ने बताया कि बच्चा अचानक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुरोध पर शव बिना पोस्टमार्टम कराए उनके सुपुर्द कर दिया गया।