संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। गांव किशनपुर बिराना में मंगलवार को अपराह्न के समय गैराज में खडी यूको वैन व ट्रैवलर गाड़ी आग लगने से जल गई। समय रहते पास ही खडे दो ट्रैक्टरों को बचा लिया गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
गांव किशनपुर बिराना निवासी सुंदर ने अपने मकान के पास ही गाडी, ट्रैक्टर आदि खड़े करने के लिए गैराज बना रखा है। इसमें एक यूको वैन, एक ट्रैवलर, दो ट्रैक्टर, गेहूं निकालने की मशीन खड़ी हुई थी। अचानक ट्रैवलर गाड़ी में आग लग गई, जिसने यूको वैन को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख सुंदर और उसके परिवार के लोग व ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे।
फायर ब्रिगेड भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। इस दौरान किसी प्रकार दोनों ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया। जब तक फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया तब तक यूको वैन व ट्रैवलर गाड़ी जल चुकी थी। आग लगने का कारण ट्रैवलर में शाॅर्ट सर्किट होना माना जा रहा है। चर्चा है कि दोनों ट्रैवलर गाडी किसी प्राइवेट स्कूल में बच्चों को लाने ले जाने के लिए लगी हुई थीं। जबकि सुंदर ने इससे इन्कार किया है। सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
गांव किशनपुर बिराना में आग से जली इको कार। (मवाना)
गांव किशनपुर बिराना में आग से जली इको कार। (मवाना)