- गांव पाली का मामला, देर रात तक नहीं दी गई थी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। थाना क्षेत्र के गांव पाली में बृहस्पतिवार शाम मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। देर रात तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई थी।
बताया गया कि गांव निवासी अजय शाम के समय कार से अपने घर की ओर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति ने उसे रोका। इसके बाद दोनों में कहासुनी हो गई। गाली गलौज का अजय ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोपी पक्ष ने अपने घर से अन्य लोगों को बुला लिया और अजय व उसके साथियों पर हमला कर दिया। इस दौरान लाठी-डंडों से मारपीट में अजय पक्ष के अंकित, अजय, संदीप और सीमा सहित कई लोग घायल हो गए।
दूसरे पक्ष की मनीषा का आरोप है कि वह गांव में किसी काम से जा रही थी, तभी अजय कार लेकर वहां से गुजरा और उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर अजय ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की। झगड़े में मनीषा, आरती, हरीश, बिट्टू और सूबे सिंह घायल हो गए। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेज दिया।
सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।