गोली मारने के दो आरोपी गिरफ्तार, एक कोरोना संक्रमित
हस्तिनापुर। थाना क्षेत्र के गांव पाली में दो लोगों को गोली मारने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मेडिकल जांच में एक आरोपी कोरोना संक्रमित पाया गया है।
क्षेत्र के गांव पाली में 22 नवंबर को किसी बात पर दो पक्षों में गोली चल गई थी। जिसमें सतीश व संजय पुत्र रोहताश घायल हुए थे। घायलों में से एक को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को आरोपी विपिन पुत्र रमेश व अनिल पुत्र दिलावर को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें जेल भेज दिया गया।
जेल भेजने से पूर्व गिरफ्तार आरोपियों का थाना पुलिस के होमगार्ड ने मेडिकल कराया तो उसमें एक आरोपी संक्रमित मिला। साथ ही होमगार्ड भी कोरोना संक्रमित निकला है। होमगार्ड को होम आइसोलेट किया गया है। वहीं, आरोपी युवक के कोरोना संक्रमित पाए जाने की सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को देकर मेरठ भेजा गया है।