खरखौदा। गांव घोसीपुर में दो पक्षों में कई वर्षों से चले आ रहे विवाद में एक सप्ताह पहले मारपीट हो गई थी। जिसमें पुलिस द्वारा पुख्ता कार्रवाई नहीं करने पर अगले दिन दोनों पक्षों में फायरिंग एवं पथराव हुआ था। जिसमें गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों के 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। वहीं, दो आरोपियों को जेल भेज दिया।
गांव घोसीपुर में 70 गज जमीन को लेकर शहजाद उर्फ पासा पक्ष के नासिर एवं दूसरे पक्ष के अफसर में विवाद है। नासिर पक्ष करीब 70 वर्ष पुराना बैनामा बता रहा है। दूसरा पक्ष उक्त जमीन पर अपना दावा कर रहा है। दोनों पक्षों में कई बार मारपीट हो चुकी है। बीती सोमवार शाम दोनों पक्षों में फायरिंग एवं पथराव हुआ था। जिसमें पासा पक्ष का आसिफ एवं उसकी पत्नी भूरी घायल हो गए थे। उन्होंने थाने में तहरीर दी परंतु पुलिस ने पुख्ता कार्रवाई नहीं की। इस पर अगले दिन दोनों पक्षों में फिर फायरिंग हो गई थी। जिसमें नमाज पढ़ने जा रहे पासा पक्ष के आसिफ को कमर में गोली लगी थी। पुलिस ने दबिश दी तो महिलाओं ने धक्का-मुक्की की थी। इससे बौखलाई पुलिस ने अपनी ओर से पासा पक्ष के शहजाद उर्फ पासा, बाविद पुत्र शाहबुद्दीन, आसिफ व नासिर पुत्रगण बालू, शकील पुत्र बसी, काले पुत्र भूरे व दूसरे अफसर पक्ष के अफसर पुत्र अल्ली, शादाब पुत्र अफसर, अलीम व माजिद पुत्रगण जल्लू, शाहिद पुत्र सलाउद्दीन, इकरामुद्दीन पुत्र अल्लूू, शाहिद पुत्र अट्टी आदि 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आज पासा पक्ष के शकील व अफसर पक्ष के माजिद को तमंचे समेत पकड़ा तथा जेल भिजवा दिया। इस मामले में अभी 11 आरोपी फरार हैं। वहीं, पासा पक्ष का आरोप है कि चार दिन पहले पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया था परंतु बाद में थाने से ही छोड़ दिया।