मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र में आवास विकास चौराहे के निकट दो बदमाश लूट की वारदात का डर दिखाकर शास्त्रीनगर के कारोबारी संजय छाबड़ा से सोने की दो अंगूठी ठग कर ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शास्त्रीनगर निवासी संजय छाबड़ा शनिवार दोपहर करीब तीन बजे वह स्कूटी से किसी काम से जा रहे थे। आवास विकास चौराहे के निकट दो युवकों ने आवाज लगाकर उन्हें रोक लिया। दोनों युवकों ने उन्हें बातों में लगा लिया। तभी इन दोनों ने बाइक पर जा रहे युवक को भी रोका। उसे कहा कि शहर में लूट की घटनाएं हो रही हैं। इस तरह अंगूठी पहन कर मत चलो। इन्हें उतारकर जेब में रख लो। बाइक सवार ने अंगूठी उतारी दो एक युवक ने उसकी अंगूठी कागज और फिर रूमाल में रखकर उसे दे दी।
इसके बाद बाइक सवार वहां से चला गया। फिर दोनों युवकों ने संजय छाबड़ा से अंगूठी उतारकर जेब में रखने को कहा। संजय ने अंगूठी उतारी तो एक युवक ने पहले कागज में और फिर रूमाल में रखकर उन्हें थमा दी। संजय के रूमाल जेब में रखने पर दोनों युवक वहां से चले गए। उनके जाने के बाद संजय छाबड़ा को शक हुआ तो उन्होंने रूमाल जेब से निकालकर देखा। रूमाल में अंगूठी नहीं थी। नौचंदी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और संजय को थाने भेज दिया। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को तलाश किया जा रहा है।
सदर में पुलिस अधिकारी बनकर ठगी थी चेन और अंगूठी
इस तरह की ठगी की वारदात शहर में पूर्व में भी हो चुकी है। सदर कबाड़ी बाजार हनुमान मंदिर के पास बदमाशों ने 20 नवंबर को खुद को पुलिस अधिकारी बताकर व्यापारी अजय जैन से सोने की चेन, लॉकेट और हीरे की अंगूठी ठग ली थी। अगले ही दिन सदर नया बाजार हनुमान मंदिर से सौ मीटर दूर सदर पत्ते मोहल्ले में रहने वाले 65 वर्षीय विनोद गुप्ता से भी ठगी का प्रयास किया था। सदर पुलिस इन घटनाओं का अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है।