मवाना। बाइक पर जा रहे हिंदू जागरण मंच के दो पदाधिकारी रास्ते में मजदूरों द्वारा ले जाई जा रही एंगल लगने से घायल हो गए। उन्हें चिकित्सक के यहां ले जाया गया। घटना से आक्रोशित संगठन के कार्यकर्ताओं ने मिल रोड पर पूर्व सांसद के आवास के सामने हंगामा करते हुए जमा लगा दिया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी से उनकी नोकझोंक भी हुई। कार्रवाई के आश्वासन पर जाम खोला। वहीं, एसडीएम के आदेश पर नगर पालिका ने मिल रोड से अतिक्रमण हटवाया।
हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक रजनीश रोहल और सलाहकार सतीश भारद्वाज दोपहर 12:30 बजे बाइक पर मिल रोड से प्रीतनगर जा रहे थे। व्यापारी के दो मजदूर कंधे पर लोहे की एंगल रखकर मिल रोड पर वेल्डर की दुकान पर कटवाने जा रहे थे। एंगल लगने से रजनीश रोहल और सतीश घायल हो गए। घायल सतीश को चिकित्सक के यहां भिजवाया। मजदूर एंगल मौके पर छोड़कर भाग गए।
सूचना पर संगठन के महासचिव विनोद गुप्ता उर्फ टरचू, ज्ञानेंद्र अग्रवाल, हरिओम शर्मा और भाजयुमो के पूर्व जिला संयोजक निपुण चौहान समेत दर्जनों कार्यकर्ता पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद ठाकुर अमरपाल सिंह के आवास के सामने प्रदर्शन कर मिल रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर थाना प्रभारी अखिलेश कुमार पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी से कार्यकर्ताओं की नोकझोंक भी हुई। बाद में समझाने पर कार्यकर्ताओं ने जाम खोला और थाने में मोहल्ला मुन्नालाल निवासी रजनीश रोहल ने तहरीर दी। कार्यकर्ताओं ने एसडीएम के यहां पहुंचकर अतिक्रमण की शिकायत की। नगर पालिका और पुलिस ने मिलकर मिल रोड पर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया।