उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में शुक्रवार की रात हुए दो सड़क हादसों में गांव हिम्मतपुर सूजती के पूर्व प्रधान सहित दो की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उधर, मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पहला हादसा खेकड़ा क्षेत्र में हुआ। दोघट थाना क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर सूजती निवासी पूर्व प्रधान धनराज सिंह (60) शुक्रवार को अपने पुत्र राहुल व चचेरे भाई किरतपाल के साथ खेकड़ा रिश्तेदारी में आया हुआ था। रात नौ बजे तीनों कार से गांव लौट रहे थे।
खेकड़ा में पाठशाला मार्ग पर तांगा स्टैंड के पास जाम लगा मिला। इस पर धनराज कार से उतरकर जाम खुलवाने के लिए चल दिया। इसी दौरान मार्ग से गुजर रहे एक ट्रक ने उसे कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और मृतक के शव का पंचनामा भरकर बागपत पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शनिवार को मृतक के परिजन खेकड़ा कोतवाली पहुंचे। उसके चचेरे भाई किरतपाल ने ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दे कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।