संवाद न्यूज एजेंसी
जानीखुर्द (मेरठ)। जानी खुर्द में रविवार को ग्रामीणों ने एक बैंक के एटीएम बूथ में धोखाधड़ी से कार्ड बदलकर लोगों को ठगने वाले दो आरोपियों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया।
जानी खुर्द में बैंकों से पैसा निकालने आने वाले ग्रामीणों से धोखाधड़ी से एटीएम कार्ड बदलकर पैसे निकालने की कई घटनाएं एक माह में हो चुकी है। इसे लेकर स्थानीय ग्रामीण आरोपी युवकाें की तलाश में थे। रविवार की दोपहर एक बैंक के एटीएम में ग्रामीणों को दो अज्ञात युवक पैसे निकालने आने वाले ग्राहकों की जबरन मदद करते मिले। ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़कर पूछताछ की। ग्रामीणों ने उनसे नाम-पता पूछा तो आरोपी कभी कुछ कभी कुछ बताने लगे। तलाशी में दोनों युवकों के पास एक दर्जन से ज्यादा एटीएम कार्ड मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को बुलाकर दोनों युवकों को सौंप दिया।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह ग्रामीणों को बहला फुसलाकर एटीएम कार्ड का पिन नंबर मालूम कर लेते थे। इसके बाद निगाह बचाकर ग्रामीणों का एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से रुपये निकाल लेते थे। गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने अपने नाम सोनू और विकास निवासी राजथल थाना नारनौंद जिला हिसार हरियाणा बताया है। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।