दौराला। दादरी गांव में शनिवार को गुर्जर और मुस्लिम पक्ष के युवकों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। मुस्लिम पक्ष के युवकों ने गांव से अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद दादरी के ग्रामीण एकत्रित हो गए और युवकों को जमकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को शांत कराया। मारपीट में दोनों पक्षों की ओर से दो लोग घायल हो गए।
कैली गांव निवासी दो युवक जूस पी रहे थे। वहीं, दादरी गांव के तीन-चार युवक नशे की हालत में पहुंचे। दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और मारपीट होने लगी। गुर्जर और मुस्लिम पक्ष में मारपीट की जानकारी पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया। देर रात दोनों पक्ष थाने पहुंचे। पुलिस ने घायलों को सीएचसी दौराला में उपचार दिलाया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि दोनों पक्षों में से किसी ने भी तहरीर नहीं दी है। दोनों पक्ष आपस में बैठकर समझौता करने की बात कहकर चले गए।