फलावदा। कस्बे में मुस्लिम जोगी समाज के कब्रिस्तान में बृहस्पतिवार रात मजार तोड़ने के आरोपियों को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। कई लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस तैनात की गई है। वहीं, नगर पंचायत ने क्षतिग्रस्त मजारों का निर्माण करा दिया है।
शरारती तत्वों ने बृहस्पतिवार रात छह मजार को क्षतिग्रस्त कर दिया था। शुक्रवार सुबह इसकी जानकारी मिलने पर जोगी समाज में आक्रोश फैल गया। मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मामला शांत कराने का प्रयास किया। लोगों का कहना था कि जब तक आरोपी पकड़े नहीं जाएंगे, वे तब तक शांत नहीं बैठेंगे।
अफसरों ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया और नगर पंचायत ने क्षतिग्रस्त मजारों को ठीक करा दिया। अब पुलिस कस्बे के कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल जा रही है। एसपी देहात राकेश मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। सर्विलांस की मदद ली जा रही है।
वहीं, सरधना के विधायक अतुल प्रधान शनिवार को मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने एसपी देहात राकेश कुमार मिश्र को फोन कर आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई करने के लिए कहा। इस दौरान सैयद मोहम्मद ईसा, सपा नेता मोहित तोमर, शाही अब्बास, साबिर सभासद, सूफी निजामुद्दीन, रहीसुद्दीन, मिंटू सभासद, वकील कुरेशी, सचिन चंद्रा, मनीष सैनी आदि मौजूद रहे।