संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडाली। किठौर थाना क्षेत्र के मुंडाली गांव में रविवार रात पैसे के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में मारपीट और पथराव हो गया। मारपीट के दौरान गांव में अफरा-तफरी फैल गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के छह आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कोर्ट में पेश करके छह आरोपियों को जेल भेजा दिया।
सीओ किठौर प्रमोद कुमार ने बताया कि मुंडाली गांव निवासी सुलेमान व रहनुमा पक्ष में पैसे के लेनदेन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। रविवार रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर कमेंट कर दिया। आरोप है कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों पक्ष छत पर चढ़ गए। आरोपियों ने पुलिस के सामने ही एक दूसरे पर पथराव कर दिया। पथराव के दौरान गली में भगदड़ मच गई। पुलिस ने किसी तरह आरोपियों को रोकने का प्रयास किया।
सूचना पर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पक्ष से सुलेमान, समीर, जीशान, मुरसलीम व दूसरे पक्ष से रहनुमा, मुरसलीम को पथराव करते हुए पकड़ लिया। वही वसीम, फहीम, नईम, मोहसिन, बाबू सहित 15 अज्ञात आरोपी भाग गए। पुलिस ने आरोपियों पर बलवा व मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ किठौर का कहना है कि पकड़े गए छह आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।