मेरठ। तुर्कमेनिस्तान की युवती मुहब्बत के दो हत्यारोपियों होटल संचालक चंचल कुमार उर्फ बंटी और संदीप ने न्यायालय में जमानत याचिका दायर की है। इन याचिकाओं पर मंगलवार यानी आज सुनवाई होगी। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों ने पुलिस को दो और होटल के नाम बताए हैं। इन होटलों की भी पुलिस जांच कर रही है।
रिठानी स्थित अविका होटल में 17 फरवरी को महिला की हत्या के बाद आरोपियों ने शव मवाना में फेंक दिया था। 21 फरवरी को पुलिस ने शव बरामद किया। आरोपियों ने उसकी पहचान छिपाने के लिए चेहरा और हाथ जला दिए थे। महिला के हाथ पर टैटू बने हुए थे। 26 फरवरी को दिल्ली की अर्चिता अरोड़ा नाम से मिले आधार कार्ड के आधार पर पुलिस ने हत्या का खुलासा किया था। पुलिस का कहना था कि दिल्ली की अर्चिता अरोड़ा की हत्या अविका होटल में संचालक देवपुरी निवासी चंचल कुमार उर्फ बंटी ने अपने साथियों जौहड़ी बागपत निवासी गुरमुख, प्रभात नगर निवासी संदीप और खजूरीवाली गली मलियाना निवासी विवेक के साथ मिलकर की थी।
पुलिस ने मुहब्बत के मोबाइल की सीडीआर में मिली अंतिम कॉल के आधार पर 26 फरवरी को मुहब्बत की कथित सहेली चंडीगढ़ में रहने वाली एलीना से संपर्क किया था। एलीना ने इस संबंध में दिल्ली में रह रही उज्बेकिस्तान की अजीजा को बताया था। अजीजा ने मवाना पहुंचकर जले हुए शव के फोटो हासिल किए और मुहब्बत की मां गुलनारा को वीडियो कॉल की। गुलनारा ने ईयररिंग्स और ब्लैक टॉप देखकर मृतका की पहचान अपनी बेटी मुहब्बत के रूप में की थी। पुलिस ने कानूनी रूप से पुष्टि के लिए मुहब्बत और उसकी मां गुलनारा की डीएनए जांच कराई है। इसकी रिपोर्ट का पुलिस इंतजार कर रही है।
तुर्कमेनिस्तान के दूतावास की ओर से पत्र लिखने के बाद पुलिस ने जेल भेजे गए आरोपियों को गत बृहस्पतिवार को चार घंटे पुलिस कस्टडी रिमांड पर पूछताछ की थी। इसमें आरोपियों ने दो अन्य होटलों के नाम भी लिए थे। इन होटलों में भी मुहब्बत और उसकी परिचित के जाने की बात सामने आई थी। एसपी देहात अभिजीत कुमार का कहना है कि जिन होटलों के आरोपियों ने नाम बताए हैं। उनके भी सीसीटीवी फुटेज की जांच और संचालकों से पूछताछ की जाएगी।