दौराला (मेरठ)। उत्तराखंड के चंपावत निवासी रामकिशन को बंधक बनाकर ट्रक के टायर व नकदी लूटने के मामले में रविवार सुबह 4:00 बजे पुलिस की दादरी-कैली मार्ग पर पिकअप सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में कस्बा खिवाई निवासी दो बदमाश तस्लीम और सरवर पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घेराबंदी कर इनके तीन अन्य साथियों को भी पकड़ लिया। पुलिस ने लूटे हुए टायर बरामद कर लिए।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि 27 जुलाई को वलीदपुर गांव के पास चौधरी ढाबे पर खाना खाकर सो रहे रामकिशन को तीन बदमाशों ने बंधक बनाकर सरधना रोड पर मिल के ट्रक यार्ड के पीछे जंगल में ले गए थे। बदमाशों ने ट्रक के आठ टायर व चालक से तीन हजार रुपये लूट लिए थे। इस मामले में गौतमबुद्धनगर के दादरी निवासी ट्रांसपोर्टर अनुराग ने मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस घटना के खुलासे के लिए तभी से बदमाशों की तलाश में जुटी थी।
रविवार सुबह पुलिस दादरी-कैली मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक पिकअप आती दिखाई दी। उन्होंने रुकने का इशारा किया तो पिकअप में पीछे बैठे दो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस पर पुलिस ने भी फायरिंग की। पुलिस की गोली लगने से बदमाश तस्लीम व सरवर घायल हो गए, जिन्हें सीएचसी में उपचार दिलाया गया। पुलिस ने इनके साथी मुजफ्फरनगर के गांव जोला निवासी मुर्सलीन, गांव दभेड़ी थाना बुढ़ाना निवासी तारिफ, गांव खेड़की थाना जानी निवासी तालिब को भी गिरफ्तार किया है।
बदमाशों के पास से एक पिकअप, लूटे गए आठ टायर दो तमंचे, दो कारतूस बरामद किए। बताया कि तस्लीम व सरवर पर विभिन्न मामलों में सरूरपुर व सरधना थाने में छह-छह, तारिफ पर थाना बुढ़ाना में तीन मुकदमे दर्ज हैं।