बाइक शोरूम से दो लाख की नकदी चोरी
खरखौदा। कस्बा स्थित एक बाइक शोरूम से बुधवार रात बदमाशों ने दो लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना का पता बृहस्पतिवार दोपहर को चला। शोरूम मालिक ने चोरी की तहरीर दी है।
गांव चंदपुरा निवासी हरवीर प्रधान पुत्र धूम सिंह का खरखौदा कस्बा में थाने के पास होंडा बाइक का शोरूम है। इसमें हरवीर के छोटे भाई सहित तीन मैकेनिक काम करते हैं। होली के बाद बुधवार को शोरूम खुला था। रात करीब आठ बजे हरवीर का छोटा भाई शोरूम बंद कर घर चला गया। बृहस्पतिवार को प्रतिदिन की तरह शोरूम खोलकर काम शुरू कर दिया। दोपहर के समय एक ग्राहक को पैसे देने के लिए गल्ला खोला तो उसमें से दो लाख रुपये गायब थे। शोरूम मालिक हरवीर ने चोरी का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी। पीड़ित ने इस मामले में थाना पर तहरीर भी दी। थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच की। शोरूम स्वामी ने बताया कि शोरूम के बराबर की दीवार में भी छोटा शटर लगा हुआ है, इसके बराबर में कुछ जगह छोड़ी गई है। यह जगह इतनी है इससे आसानी से कोई भी अंदर जा सकता है। हालांकि इसके बाद एक शीशे का गेट और लगा हुआ है। इस गेट का लॉक खराब है। इसी का फायदा उठाकर बदमाश शोरूम में दाखिल हुआ और चोरी की। खबर लिखे जाने तक चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।