यूपी के सहारनपुर जिले में बुधवार सुबह बारिश के साथ गरजी बिजली इंसानी जिंदगियों पर कहर बनकर टूटी। कई स्थानों पर गिरी बिजली महिला समेत चार युवकों की जिंदगी निगल गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। इस अनहोनी से जिले भर में दहशत का माहौल है।
बिजली गिरने की पहली घटना कुतुबशेर के रूपड़ी कपूरपुर गांव में सुबह आठ बजे के करीब हुई। पांच दोस्त एक साथ खेत में शौच के लिए घर से निकले थे। उसी समय बिजली के कड़कड़ाने के साथ बारिश आई तो पांचों युवक खुद को बचाने एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। उसी दौरान तेज आवाज के साथ बिजली पेड़ के ऊपर गिर गई। नीचे खड़े पांचों युवक चपेट में आने के कारण तड़पने लगे। आसपास के खेतों में मौजूद लोगों ने बिजली गिरने का शोर मचाया तो ग्रामीण आ गए। नाजुक हालत में पांचों युवकों को अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने सोनल (19), रजत उर्फ टुन्नू (21) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे विश्वास (22), रजनीश (24) तथा मोनू (19) को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मरने वालों के नाम
1. रीना गुप्ता (वर्ष 35) पत्नी मनोज गुप्ता निवासी हकीकत नगर।
2. रजत पुत्र (19 वर्ष) अतर सिंह निवासी रूपड़ी गांव।
2. सोनल (20 वर्ष) पुत्र गलेल सिंह निवासी रूपड़ी गांव।
3. संजीव (35) पुत्र इलम सिंह निवासी गांव टाबर थाना नकुड़।
घायलों के नाम
1. विश्वास पुत्र महिपाल निवासी रूपड़ी गांव।
2. रजनीश पुत्र राजपाल निवासी रूपड़ी गांव।
3. मोनू पुत्र सुमेर चंद निवासी रूपड़ी गांव।
4. अमीना पत्नी मुस्तकीम निवासी मुजफ्फरनगर।