भामौरी के एसएसओ समेत दो की कोरोना से मौत
सरधना। भामौरी बिजलीघर पर तैनात एसएसओ गांव खेड़ा निवासी अजीत सिंह (50) की कोरोना से मौत हो गई। छबड़िया और अलीपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।
गांव खेड़ा निवासी अजीत सिंह कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे। सोमवार को उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि अजीत सिंह भामौरी बिजलीघर पर एसएसओ के पद पर तैनात थे और उनकी कोरोना से मौत हुई है।
छबडिया गांव में मंगलवार को कोरोना से बुद्धसिंह की मौत हो गई। सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि बुद्धसिंह कई दिन से बुखार से पीड़ित था। उसकी कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। वहीं, अलीपुर गांव निवासी ललित पुत्र अजीत सिंह पंजाब में एक शराब फैक्टरी में काम करता था। वह एक सप्ताह पूर्व गांव लौटा था। उसे बुखार की शिकायत हुई। परिजनों ने उसे नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां मंगलवार को ललित की मौत हो गई। उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके अलावा मंगलवार शाम अलीपुर निवासी हुकुम सिंह (70) पुत्र बलवंत की मौत हो गई। वह पांच-छह दिन से बुखार से पीड़ित थे। कुशावली में एक सप्ताह के भीतर करीब पांच लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं अटेरना में भी एक सप्ताह के भीतर दो महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई है। अटेरना व कुशावली में ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने मिलकर गांव में सैनिटाइजेशन कराया।
सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने केवल बुद्ध सिंह की मौत कोरोना से होने की पुष्टि की है।