पहले हमलावरों ने एक छात्र को बेल्ट से जमकर पीटा
दोनों पक्षों में जमकर चले लात-घूंसे, वीडियो वायरल
पुलिस की तहरीर पर नौ छात्रों पर प्राथमिकी दर्ज, सभी गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र के मेरठ कॉलेज में बुधवार को एडमिशन लेने पहुंचे सहारनपुर के छात्र आशु त्यागी के साथ मारपीट को लेकर जमकर बवाल हुआ। आरोप है कि लाइब्रेरी के अंदर पुलिस लाइन निवासी लवीश, उलखपुर निवासी हर्षित वर्मा, भावनपुर निवासी ऋषभ व परीक्षितगढ़ निवासी कार्तिक ने साथियों के साथ मिलकर छात्र आशु पर लात-घूंसे और बेल्ट से हमला कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों ने पुलिस के सामने ही एक-दूसरे पर जमकर पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि सहारनपुर निवासी आशु त्यागी मेरठ कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष में अपने साथियों के साथ दाखिला लेने के लिए आया था। फार्म जमा करने के बाद वह लाइब्रेरी में चला गया था। वहीं आरोपी लविश अपने साथियों के साथ लाइब्रेरी में पहुंच गया। आरोपियों ने छात्र पर कमेंट करना शुरू कर दिया। आशु ने आरोपियों की हरकत का विरोध किया तो मामला बढ़ गया। आरोपियों ने फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। हमलावरों ने छात्र की पिटाई शुरू कर दी।
हमले के दौरान छात्र को बचाने के लिए उसके दोस्त दक्ष चौधरी, कुशल, विजित, अभिनय व हिमांशु भी मौके पर आ गए। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में लात-घूंसों व बेल्ट चलने लगे। मारपीट के दौरान कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई। छात्राओं व अन्य छात्रों ने भागकर अपनी जान बचाई। मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मारपीट कर रहे छात्रों को पकड़ लिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पुलिस के सामने बेल्ट से हमला किया। पुलिस कॉलेज में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है। सीओ कैंट ने बताया कि दोनों पक्षों के नौ छात्र पुलिस हिरासत में है। लालकुर्ती पुलिस ने अपनी ओर से आरोपियों के खिलाफ बलवा समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
-पुलिस के सामने भी नहीं रुके आरोपी
हंगामा बढ़ने पर दोनों पक्षों के छात्र मौके पर पहुंच गए। इसके बाद कॉलेज परिसर में जमकर मारपीट हुई। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी एक छात्र को बचाने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं, जबकि हमलावर पुलिस की मौजूदगी में भी एक-दूसरे पर बेल्ट से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। हमलावरों में पुलिस का खौफ भी नहीं दिखाई दे रहा था। पुलिस हमलावरों के सामने बेबस नजर आई।
-पहले भी वायरल हो चुका है हथियार लहराने का वीडियो
मेरठ कॉलेज में विवाद का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कॉलेज परिसर में हथियार लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। ताजा घटना के बाद कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। कॉलेज के सामने ही एसएसपी आवास है। हमलावरों में पुलिस का डर नहीं दिखाई दिया।
वर्जन :-
कॉलेज प्रशासन ने जांच बैठाई
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। फिलहाल पूरे प्रकरण की पड़ताल की जा रही है। जांच में यदि संबंधित छात्रों का मेरठ कॉलेज से जुड़ा होना सामने आता है तो उनके खिलाफ कॉलेज के नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संस्थान में किसी भी तरह की अनुशासनहीनता को स्वीकार नहीं किया जाएगा। डॉ. अनिल राठी, चीफ प्रॉक्टर मेरठ कॉलेज