संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना क्षेत्र के मोहल्ला ईदगाह रोड नई बस्ती में रविवार सुबह घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। पाइप हटाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में महिला समेत दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
एक पक्ष के इमरान पुत्र शाहिद ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पड़ोसी परिवार ने घर से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए उनके दरवाजे के सामने पाइप डाल रखा है। पाइप हटाने के लिए कहने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर अमन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे वह घायल हो गया।
वहीं, दूसरे पक्ष की शबनम पत्नी अलीम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गाली-गलौज का विरोध करने पर अमन पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट में शबनम भी घायल हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।