मुजफ्फरनगर। भोपा रोड पर मखियाली गांव के पास कैंटर ने दो बुजुर्गों राजकुमार (70 ) व रामकुमार (62 ) को टक्कर मार दी। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में ले जाया गया, जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं चालक कैंटर को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सीओ नई मंडी रुपाली राव ने बताया कि बंसत विहार साकेत निवासी राजकुमार (70) पुत्र फग्गन सिंह मिस्त्री का काम करते थे। नसीरपुर गांव निवासी रामकुमार (62) पुत्र दयाल सिंह अपने घर पर आटा पीसने की चक्की लगाना चाहते थे। उन्होंने राज कुमार से चक्की के बारे में बातचीत की और बुधवार सुबह दोनों मखियाली निवासी किसी व्यक्ति के पास चक्की के पार्ट्स देखने जा रहे थे।
दोनों भोपा अड्डे से टेम्पू में बैठ कर मखियाली पहुंचे और टेम्पू से उतर कर सड़क पार कर कच्चे रास्ते से जा रहे थे। इसी दौरान भोपा की तरफ से तेज गति से आए एक कैंटर ने दोनों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक केंटर को छोड़ कर फरार हो गया। मंडी पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचा दिया। वहां डाॅक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए। सीओ मंडी रुपाली राव ने बताया कि हादसे का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
—————
-बेटी व दो बेटों की शादी की थी जिम्मेदारी
राज कुमार के तीन बेटे व तीन बेटी हैं। एक बेटा सउदी अरब में काम करता है। दो अविवाहित बेटे अंबुज व राजन व एक बेटी यहां रहते थे। दो बेटियों की शादी की जा चुकी है। राज कुमार पर दो बेटों व एक बेटी की शादी की जिम्मेदारी थी। इस कारण वह मजदूरी करते थे। बुधवार को इसी सिलसिले में मखियाली जा रहे थे।
—
-डीएसओ कार्यालय में बाबू रहे थे राम कुमार
बताया गया कि राम कुमार पूर्व समय में मुजफ्फरनगर व शामली डीएसओ कार्यालय में बाबू रह चुके हैं। सेवानिवृत्त होकर वह अपने घर नसीरपुर में आटा चक्की लगाना चाहते थे।