संवाद न्यूज एजेंसी
बहसूमा। रामराज में परचून के थोक व्यापारी के गोदाम से डुप्लीकेट चाबी के जरिए सामान निकालकर बेचने का मामला सामने आया है। व्यापारी ने अपने पूर्व और वर्तमान कर्मचारी पर संदेह जताते हुए उन्हें पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अभी मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।
रामराज के रामलीला ग्राउंड में राजकुमार छाबड़ा की किराना की थोक और फुटकर दुकान है। दुकान से अलग उनके तीन गोदाम हैं। व्यापारी का आरोप है कि करीब तीन माह पहले नौकरी छोड़ चुके नदीम ने वर्तमान कर्मचारी संदीप के साथ मिलकर गोदाम की डुप्लीकेट चाबी बनवाई। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने गोदाम से पशु आहार और अन्य सामान निकालकर बाजार में बेच दिया।
व्यापारी के अनुसार, गोदाम में सामान कम होने पर उन्हें शक हुआ। जानकारी करने पर कुछ दुकानों पर उनकी फर्म का सामान कम कीमत में पहुंचने की बात सामने आई। इसके बाद उन्होंने दोनों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
सीओ मवाना पंकज लवानिया का कहना है कि दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। व्यापारी की तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-