कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं से छिने गए सीएम के पुतले को लेकर जाता पुलिसकर्मी।
- फोटो : LAWARD
लावड़(मेरठ)। हाथरस की युवती से हुई दरिंदगी के आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग को लेकर पैदल मार्च निकाल रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया। कार्यकर्ता मार्च निकालने के बाद मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने जा रहे थे। पुलिस ने पुतला छिनने के बाद दो कांग्रेसियों को हिरासत में ले लिया। हालांकि कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने दोनों को बिना कार्रवाई छोड़ दिया।
कांग्रेस सेवादल के प्रदेश सचिव रोहित गुर्जर के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों को सजा दिलाए जाने की मांग को लेकर लावड़ टेंपो चौराहे से पैदल मार्च निकाल रहे थे। इस दौरान इंचौली और लावड़ पुलिस तैनात रही। मार्च शांति तरीके से सैनी चौराहे पर पहुंचा। यहां कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंकने की कोशिश की। थाना प्रभारी बृजेश चौहान और चौकी इंचार्ज अंकित चौहान ने पुतला छीनने का प्रयास किया। इसे लेकर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई। कार्यकर्ताओं के पुतला फूंकने की जिद पर अड़ जाने के चलते पुलिस ने लाठियां फटकारकर उन्हें खदेड़ना शुरू किया। इससे कार्यकर्ताओं में भगदड़ मच गई। पुलिस ने कांग्रेस सेवादल के प्रदेश सचिव रोहित गुर्जर व जिलाध्यक्ष सुमित विकल को हिरासत में ले लिया और जीप में बैठा लिया। रोहित गुर्जर का कहना है कि दुष्कर्म पीड़िता की मौत के बाद परिजन उसे कंधा भी नहीं दे सके और न ही रीति रिवाज से अंतिम संस्कार कर सके। भाजपा सरकार यह सही नहीं कर रही है। पुलिस ने कुछ घंटे बाद ही हिरासत में लिए गए रोहित गुर्जर व सुमित विकल को बिना कार्रवाई के छोड़ दिया। सीओ सदर देहात बृजेश सिंह का कहना है कि कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री का पुतला फूूंकने की कोशिश करने पर हिरासत में लिया था।
कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ता को हिरासत में लेकर जीप में बैठाती पुलिस। - फोटो : LAWARD
सीएम का पुतला फूंकने जा रहे कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं की पुलिस से होती नोकझोंक।- फोटो : LAWARD