संवाद न्यूज एजेंसी
जानी खुर्द। चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग के समीप भोला गांव के श्मशान घाट और इदरीशपुर गांव में बिजली का करंट लगने से दो गोवंश की मौत हो गई। कांवड़ यात्रा के दौरान हुई घटनाओं की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दोनों मृत गोवंशों को जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाकर दफना दिया गया।
शुक्रवार शाम को एक आवारा गोवंश कांवड़ मार्ग पर भोला गांव स्थित श्मशान घाट में पहुंच गया। वहां लगे विद्युत पोल में करंट उतरने से गोवंश की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने आनन-फानन में जेसीबी मंगाकर गड्ढा खुदवाया गया और मृत गोवंश को दफना दिया गया। घटना के बाद विद्युत विभाग ने श्मशान घाट के अस्थायी विद्युत कनेक्शन को काट दिया।
शनिवार शाम इदरीशपुर गांव के पेपला क्षेत्र में भी बिजली के पोल से करंट लगने से एक गोवंश की मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर गड्ढा खुदवाया और मृत गोवंश को दफना दिया।
लगातार दो स्थानों पर करंट लगने से गोवंश की मौत होने के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग को लेकर रोष है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि आवारा पशुओं को कांवड़ मार्ग पर आने से रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।