टक्कर लगने के बाद बाद जलती हुई कार
मवाना-किठौर मार्ग पर गांव ईसापुर के पास हुआ हादसा, राहगीरों ने आग लगी कार से सवारों को निकाला
तीन को गंभीर चोटें लगी
संवाद न्यूज एजेंसी
किठौर। मवाना -किठौर मार्ग पर शुक्रवार देर रात गांव ईसापुर के पास दो कार में आमने सामने की भिंड़त हो गई। टक्कर लगते ही तेज आवाज के साथ दोनों कारों में आग लग गई। कार में सवार लोगाें की चीख पुकार सुनकर राहगीरों ने उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद आग पर काबू पाया गया।
थाना प्रभारी प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को राहुल निवासी ग्राम इतवारा थाना हस्तिनापुर रहमापुर से कार से शादी से आ रहे थे। कार में राहुल, पत्नी पूजा रवि निवासी सुभाष नगर हापुड़ (दूल्हा) उसकी पत्नी पायल (दुल्हन )और शशि निवासी मौसमगढ़ अनूपशहर बुलंदशहर, उनकी पत्नी सीमा और चालक मनीष निवासी सुभाष नगर हापुड़ सवार थे। चार बच्चे भी इसमें थे।
दूसरी तरफ किठौर की ओर से जा रही कार में चालक मुजाहिद राधना था। दोनों कारों में आमने- सामने की भिंडत हो गई। जिसमें सभी लोग चोटिल हो गए । पुलिस ने बताया की इस हादसे में रवि और पायल और मनीष गंभीर है। सभी घायल को मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया की शादी से लौट रही कार पूरी तरह से जल कर राख हो गई है। सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया की इस बाबत किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।