फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेरठ: युवती के विवाद में दो भाइयों को गोली मारी, पैसे मांगने पर रेस्टोरेंट संचालक पर फायरिंग

Sun, 02 Feb 2020 01:13 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मेरठ के लिसाड़ीगेट की जाकिर कॉलोनी में शनिवार रात युवती के विवाद में दो भाइयों को गोली मार दी गई। आरोपियों ने कॉल करके युवक को बुलाया था। पहले मारपीट की और उसके बाद धमकी देकर गोली मारी। रात में पुलिस ने घेराबंदी कर तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। वहीं दो अलग अलग स्थानों पर बाइक सवार बदमाशों ने दो अन्य व्यक्तियों को गोली मारकर घायल कर दिया।
विज्ञापन


जाकिर कॉलोनी निवासी फैसल की रिश्तेदार बहन है। परिजनों का कहना है कि रिश्ते का एक युवक युवती को परेशान करता था। जबकि फैसल आरोपी युवक को परेशान करता था। दोनों एक दूसरे को धमकी भी दे चुके हैं।

शनिवार रात 10 बजे फैसल के मोबाइल पर कॉल आई और उसे जाकिर कॉलोनी में चौपले पर बुलाया। फैसल चचेरे भाई शादाब के साथ पहुंचा। वहां पहले से आधा दर्जन युवक खड़े थे। युवकों ने शादाब और फैसल के साथ मारपीट की और फायरिंग कर दी। जिसमें फैसल को दो गोली लगी और शादाब को एक गोली लगी है। घटना के बाद आरोपी फायरिंग कर फरार हो गए।

सूचना पर एसपी सिटी डॉ एएन सिंह, सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। वहीं घायलों के परिजन भी मौके पर पहुंचे। फैसल को न्यूटिमा और शादाब को संतोष अस्पताल में भर्ती कराया। फैसल के परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक फैसल की मुंहबोली बहन के साथ छेड़छाड़ करता था, इसी का विरोध करने पर आरोपियों ने गोली मारी है। पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है। 
 

पैसे मांगने पर रेस्टोरेंट संचालक पर फायरिंग
लावड़ में मीठेपुर मार्ग स्थित एक चिकन रेस्टोरेंट संचालक को बाइक सवार युवकों ने चिकन खाने के बाद पैसे मांगने पर गोली मार दी। गंभीर हालत में घायल को दौराला सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटना की जानकारी ली और मौके से खोखे बरामद किए हैं। रेस्टोरेंट पर मौजूद लोगों ने हमलावरों की बाइक का नंबर नोट कर पुलिस को दिया है। पुलिस इस नंबर के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है।

कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती निवासी जफर पुत्र अमीरुद्दीन मीठेपुर मार्ग स्थित एक मंडप के सामने चिकन रेस्टोरेंट है। शनिवार शाम बाइक सवार पांच युवक शराब के नशे में उसके रेस्टोरेंट पर चिकन खाने पहुंचे। चिकन खाने के बाद युवक बिना पैसे दिए जाने लगे तो जफर ने उनसे पैसे मांगे। जिस पर युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर युवकों ने गोली चला दी, जिससे रेस्टोरेंट में बैठे लोगों में भगदड़ मच गई।

युवकों ने तीन से चार राउंड गोली चलाई। जफर को एक गोली हाथ में और दूसरी सिर में लगी। घटना के बाद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जफर को दौराला सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया। थाना प्रभारी वरुण शर्मा का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द पकड़ लिया जाएगा।
विज्ञापन

मेडिकल स्टोर संचालक को गोली मारी
मेडिकल थाना क्षेत्र में जेल चुंगी चौराहे के पास बाइक सवार दो हमलावरों ने मेडिकल स्टोर संचालक पर गोली चला दी। पीड़ित का अपनी पत्नी से तलाक को लेकर विवाद चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, जेलचुंगी निवासी अजय अधाना (30) का जेलचुंगी के पास जेल रोड पर हर्ष के नाम से मेडिकल स्टोर है। मेडिकल स्टोर से चंद कदमों की दूरी पर उसका घर है। शनिवार रात साढ़े नौ बजे वह मेडिकल स्टोर बंद कर अपनी कार में बैठ रहा था। बाइक सवार दो युवक पहुंचे और उन्होंने अजय पर फायरिंग कर दी। गोली अजय के दाहिने हाथ में लगी। घटना के बाद दोनों हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए।

सूचना पर एसपी सिटी डॉ एएन सिंह, सीओ सिविल लाइन संजीव देशवाल मौके पर पहुंचे। घायल को भाग्यश्री अस्पताल में भर्ती कराया है। सीओ का कहना है कि युवक का अपनी पत्नी से तलाक को लेकर कोर्ट में मामला चल रहा है। युवक की पत्नी जेठ के साथ रह रही है। सीओ का कहना है कि अजय की प्रेमिका ने मेडिकल थाने में दुष्कर्म का मुकदमा भी दर्ज कराया था। जिसमें मेडिकल स्टोर संचालक जेल भी गया था।

पुलिस का कहना है कि घायल के परिजनों ने आशंका जताई है कि महिला ने रेप का झूठा मुकदमा दर्ज कराया था, इसी महिला ने हमला कराया है। वहीं युवक का कहना है कि उसे शक है कि पत्नी ने हमला कराया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी देखी। 

 लिसाड़ीगेट में युवती के विवाद में दो चचेरे भाइयों को गोली मारी गई है। आरोपी पक्ष भी रिश्तेदार बताए गए हैं। जांच में प्रिंस, शहजाद और वसीम के नाम सामने आए हैं। मामला छेड़छाड़ का नहीं है। कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है। वहीं जेलचुंगी पर मेडिकल स्टोर संचालक के हाथ में गोली लगी है, इसमें पुलिस कार्रवाई कर रही है। युवक का अपनी पत्नी से तलाक का विवाद चल रहा है। - डॉ. एएन सिंह, एसपी सिटी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें