सहारनपुर जनपद के छुटमलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम फतेहपुर कलसिया मार्ग पर वाहन की टक्कर से बाइक सवार ममेरे फुफेरे दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जबकि गंभीर रूप से घायल युवक को सीएचसी फतेहपुर से जिला अस्पताल भेजा गया।
हादसा शाम साढ़े छह बजे फतेहपुर थाना क्षेत्र में कलसिया मार्ग पर मांडुवाला गांव में मंदिर के पास हुआ। गांव गंगाली निवासी बीस वर्षीय रजत पुत्र संदीप अपने मामा के बेटों 22 वर्षीय गौरव पुत्र राकेश और 21 वर्षीय मनोज पुत्र बिरमा को बाइक से उनके गांव बेहट कोतवाली के गांव रामपुर कलां छोड़ने जा रहा था। गांव मांडुवाला के पास अज्ञात वाहन ने इन्हें टक्कर मार दी। इससे रजत और मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं राहगीरों की सूचना के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौके से घायल और दोनों शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर भेजा गया। वहां से गौरव को जिला अस्पताल भेजा गया।