मेरठ। देहली गेट थाना क्षेत्र में रविवार रात में शराब पीकर अर्धनग्न हालत में बीच सड़क पर हंगामा करने वाले दो सगे भाईयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ होमगार्ड ने सड़क से आरोपियों को हटाने का प्रयास किया तो उन्होंने लोहे की रॉड से हमला किया था। हालांकि वह होमगार्ड बाल-बाल बचे। रविवार रात को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। जहां से उनको जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि होमगार्ड हेमपाल व एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी जली कोठी चौराहे के पास ड्यूटी पर थे। शाम को नशे की हालत में दो सगे भाई शाकीर और तौसीफ सड़क पर हंगामा कर रहे थे। इस दौरान दोनों आरोपी अर्धनग्न होकर लोगों को गाली दे रहे थे।
हंगामे की सूचना पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। रहिगीरों ने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी मारपीट पर उतारू हो गए। सूचना पर होमगार्ड व ट्रैफिक पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। इसी बीच दोनों आरोपियों ने होमगार्ड पर लोहे की रॉड से हमला किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। थाने पर सूचना देकर और पुलिसकर्मी बुलाए गए। एसपी सिटी का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।