मेरठ के मुंडाली थानाक्षेत्र में छात्रा से सरेराह दुष्कर्म का प्रयास करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। छात्रा दसवीं की बोर्ड परीक्षा देकर परीक्षा केंद्र से घर लौट रही थी। जहां रास्ते में दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर मौके पर भीड़ एकत्र हो गई, जिसे देखकर आरोपी फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
गुरुवार दोपहर पीड़ित छात्रा के परिजन एसएसपी दफ्तर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ शिकायती पत्र दिया। परिजनों के अनुसार उनकी बेटी मुंडाली के ही एक विद्यालय में दसवीं कक्षा की छात्रा है। वह गुरुवार सुबह बोर्ड की परीक्षा देकर घर वापस लौट रही थी कि गांव के ही दो युवकों ने उसे रास्ते में घेर लिया।
युवकों ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की और दुष्कर्म का प्रयास किया। इस पर छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन उनके पहुंचने तक आरोपी युवक मौके से फरार हो गए।
पीड़ित छात्रा के परिजनों ने एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। बता दें कि यह पहला मामला नहीं है जब किसी छात्रा से सरेराह बदसलूकी की गई हो या दुष्कर्म का प्रयास किया है। इससे पहले परतापुर थानाक्षेत्र की दो महिलाओं के साथ कुछ युवकों ने दुष्कर्म का प्रयास किया था।