सरधना। मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण एसआईआर अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो बीएलओ को मंगलवार को एसडीएम सरधना उदित नारायण सेंगर ने सम्मानित किया। दोनों बीएलओ द्वारा निर्धारित समय से पूर्व और उच्च गुणवत्ता के साथ मैपिंग एवं डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा करने पर प्रोत्साहित किया गया।
बूथ संख्या 285, उच्च प्राथमिक विद्यालय बिहटा की बीएलओ एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गीता ने विधानसभा सरधना क्षेत्र में सर्वाधिक 77 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूरा कर लिया है। उन्होंने अपना ईएफ डिजिटाइजेशन कार्य भी समय सीमा से पहले पूरा किया। उनके इस उत्कृष्ट योगदान पर एसडीएम ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने बताया कि गीता की कार्यशैली और समर्पण अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणा स्रोत है।
विज्ञापन
वहीं देदवा गांव स्थित बूथ संख्या 291 के बीएलओ एवं सहायक अध्यापक आशीष कुमार गुप्ता को भी मतदाता सूची पुनरीक्षण में उनके विशेष प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया। आशीष ने घर-घर सत्यापन, फॉर्म भरवाने और अपडेशन का कार्य शत-प्रतिशत सटीकता के साथ समय पर पूरा किया।
एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव है। इसमें बीएलओ की भूमिका सबसे अहम होती है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित कर अन्य बीएलओ को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।