सरूरपुर। मेरठ-करनलाल हाईवे पर स्थित कदम रिसोर्ट में बुधवार से दो दिवसीय जनपदीय जूनियर वाॅलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में जनपदीय स्तर के सीबीएससी अंडर-14 व 17 टीम शामिल होगी।
कदम पब्लिक स्कूल के मैनेजर संजीव चौधरी ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में बताया कि कदम पब्लिक स्कूल के संस्थापक चौधरी हरी सिंह की 11वीं पुण्यतिथि पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में मेरठ के अलावा बागपत, बुलंदशहर, शामली, मुजफ्फरनगर और गाजियाबाद जिलों के करीब 26 स्कूलों की टीमें हिस्सा लेंगी। दो दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत व सरधना एसडीएम उदित नारायण सेंगर करेंगे।
प्रतियोगिता में वॉलीबाल के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ओमवीर मान व किरपाल खिलाड़ियों का मनोबल बढाएंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देना है। मैचों के लिए विशेष तकनीकी समिति का गठन किया गया है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन फाइनल मैचों के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा। इस दौरान डायरेक्टर ओमकार चौधरी, प्रधानाचार्य डॉ. पारुल चौधरी और उप प्रधानाचार्य नवजोत मौजूद रहे।