अफजलगढ़। शुक्रवार की देर शाम अफजलगढ़-जसपुर मार्ग के मोड़ पर दो बाइको की भिड़ंत में शिवपुरी निवासी भूपेंद्र (40) की मौत हो गई थी। जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए थे।
शुक्रवार की देर शाम गांव अगवानपुर निवासी अलीहसन पुत्र जलील अहमद, दिलशाद पुत्र अलीहसन व जुमरत पत्नी इब्राहिम एक ही बाइक से जसपुर दिशा से अफजलगढ़ आ रहे थे। जब वह अफजलगढ़ मोड़ के पास पहुंचे। सड़क पर घूम रहे पशु को बचाने के प्रयास में उनकी टक्कर सामने से आ रहे बाइक से हो गई। दूसरी बाइक पर शिवपुरी निवासी उदय प्रताप पुत्र शिवनाथ सिंह व भूपेंद्र पुत्र धर्मवीर सिंह सवार थे।
दुर्घटना में दोनों बाइको पर सवार महिला सहित पांच लोग घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया था। जहां से चिकित्सक ने शिवपुरी निवासी भूपेंद्र को मृत घोषित कर दिया था। जबकि अन्य घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। शनिवार को दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों की भीड़ लग गई। भूपेंद्र मजदूरी कर परिवार की गुजर बसर करता था। वह अपने पीछे पत्नी व तीन बच्चों को रोते बिलखते छोड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक सवारों में से किसी ने भी हेल्मेट नहीं पहना हुआ था।