मीरापुर। कैथोड़ा पुलिस चौकी के समीप दो बाइकों की भिड़ंत होने के बाद बाइकें ट्रैक्टर से टकरा गई। दुर्घटना में दो महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल भिजवा दिया।
कैथोड़ा गांव निवासी चांद रविवार देर शाम बाइक पर सवार होकर रामराज के गांव पुट्ठी से अपनी भाभी बेबी व भतीजी मायरा व भतीजे शबाब के साथ अपने गांव लौट रहा था। बाइक सवार जैसे ही कैथोड़ा पुलिस चौकी के समीप पहुंचे तो मीरापुर की और से बाइक लेकर रामराज की और जा रहे मेरठ के अब्दुल्लापुर निवासी सलमान की बाइक से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। इसके बाद दोनों बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से टकरा गई। दुर्घटना में सलमान व उसकी मां नफीसा तथा दूसरी बाइक पर सवार कैथोड़ा निवासी चारों सदस्य घायल हो गए। कैथोड़ा पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने घायलों को जानसठ सरकारी अस्पताल भिजवाया। घायलों के परिजनों को सूचना दी। दुर्घटना के दौरान दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई जिससे जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर यातायात सुचारू कराया। हादसे की किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।