रोहटा। थाना क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग पर गंगनहर के पास सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
गांव डूंगर निवासी हरेंद्र शर्मा अपने साथी सचिन सांगवान के साथ बाइक से पूठखास जा रहे थे। इसी दौरान कांवड़ मार्ग पर गंगनहर के निकट उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।