सड़क हादसों में बाइक सवार दो युवकों की मौत
मेरठ/परतापुर। अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव ढिंडाला निवासी 28 वर्षीय मनीष पुत्र राजू अपने साथी चिंटू पुत्र बाबूराम के साथ बाइक पर सिलिंडर लेकर गांव जा रहा था। इकला गांव से आगे पहुंचे तो सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे मनीष की मौके पर मौत हो गई। चिंटू की हालत चिंताजनक बनी हुई है। चालक कार को मौके पर छोड़कर भाग गया। कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
वहीं, भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव गांवडी-मेदपुर के बीच बने मुर्गी फार्म के समीप बृहस्पतिवार को अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार अर्जुन (20) पुत्र धर्मवीर व शानू पुत्र शिवकुमार निवासी नंगला गोसाई थाना मवाना गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार को उपचार के दौरान अर्जुन की मौत हो गई। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही उसकी मां चमन व भाई टीटू, बालेंद्र व गौरव का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। संवाद