लिफ्ट लेकर लूटपाट करने के मामले में युवती समेत दो गिरफ्तार
परीक्षितगढ़। सुनसान जगहों पर कार में लिफ्ट लेकर वाहन चालकों से लूटपाट करने वाले गिरोह एक युवती समेत दो लोगों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने इन्हें रविवार को गिरफ्तार किया था। गिरोह लिफ्ट लेने के बाद नशीला पदार्थ सुंघाकर लूट की वारदात को अंजाम देता था। बताया गया है कि सीओ सदर देहात महिला थाने में पकडे़ गए गिरोह से पूछताछ कर रही है।
थाना परीक्षितगढ़ क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से वाहन चालकों से लिफ्ट लेकर उनसे लूटपाट करने की घटनाएं लगातार सामने आ रही थी। थाना क्षेत्र में लगातार हो रही लूट की वारदातों के चलते रविवार रात पुलिस ने थाने से 200 मीटर की दूरी पर ही एक मकान में छापा मारकर लूट करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने पकड़ी गई युवती को रविवार रात ही महिला थाने भेज दिया था। सीओ सदर देहात पूनम सिरोही महिला थाने में गिरोह के सदस्यों से पूछताछ कर रही है।
मोहल्ला माता वाला परीक्षितगढ़ निवासी विकास ने बताया कि हाईवे से हरिद्वार जा रहा था। लिफ्ट लेकर एक युवती उसकी गाड़ी में बैठी। नशीला पदार्थ सुंघाकर उससे 16 हजार लूट लिए। इस मामले में पुलिस ने रूबी पुत्री धर्मपाल निवासी गदाना थाना मोदीनगर, हरीश पुत्र धर्मगिरी निवासी फरीदपुर गोसाई थाना मोदीनगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।