मोदीपुरम। पल्लवपुरम में बनने वाले एंटी करप्शन थाने की बीस करोड़ रुपये की भूमि पर कब्जा कर उसे प्लॉट काटकर बेचने के मामले में लेखपाल के दर्ज कराए गए मुकदमे के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। इस मामले में दो बिल्डरों से भी पूछताछ की जाएगी।
शासन के निर्देश पर पल्लवपुरम थाने में एंटी करप्शन का थाना बनाया जाना था। इसके लिए भूमि भी आवंटित कर दी गई थी लेकिन बिल्डर आशीष गुप्ता, आदित्य गुप्ता, अजय चौधरी, अंशु ने भूमि पर कब्जा कर अपनी कॉलोनी में काटे गए प्लॉट के साथ थाने की भूमि की 20 करोड़ की भूमि को भी भेज दिया था। सरधना तहसील के लेखपाल हरवीर ने पैमाइश की तो मामले की पोल खुली और बिल्डरों के खिलाफ थाने पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। बिल्डरों ने मधुर एन्क्लेव कॉलोनी की आड़ में फ़र्जी दस्तावेज तैयार कर थाने की भूमि को बेचा था। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस इसकी जांच पड़ताल कर रही है।
बुधवार को पुलिस और एसओजी ने मिलकर दबथुवा निवासी अजय, स्वाहेडी बिजनौर निवासी अंशु को हिरासत में लिया। दोनों को आला अधिकारियों के सामने पेश कर उनसे पूछताछ की गई। पुलिस नामजद आशीष गुप्ता, आदित्य गुप्ता की तलाश में है।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि एंटी करप्शन थाने की बीस करोड़ रुपये की जमीन बेचने के मामले में नामजद आशीष गुप्ता और आदित्य गुप्ता के विरुद्ध कुछ साक्ष्य और जुटाए जा रहे हैं। बाकी लोगों की एसओजी तलाश कर रही है।