बिजनौर/शेरकोट। तंत्र मंत्र से बीमारी ठीक करने का झांसा देकर महिलाओं के आभूषण ठगने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपियों ने शेरकोट और धामपुर में दो महिलाओं से ठगी की थी। आरोपियों से सोने का हार और दो कुंडल बरामद किए गए हैं।
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि शेरकोट पुलिस ने दिलशाद उर्फ भैय्या और दानिश उर्फ चेयरमैन निवासी मोहल्ला अहमदनगर अमरोहा को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों आरोपी करवाचौथ पर सजधज कर निकलने वाली महिलाओं के आभूषण ठगने के लिए बिजनौर आए थे। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि शेरकोट में 13 अक्तूबर को मोहल्ला काजी सराय में स्टेट बैंक के सामने वाली गली में उन्होंने बीमारी ठीक करने का झांसा देकर सोने का हार ठग लिया था।
एसपी ने बताया कि शेरकोट निवासी मुनीजा खातून ने बुधवार को ही प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मुनीजा को हार ठग लिए जाने का अहसास तब हुआ जब सोशल मीडिया और अखबारों में बीमारी ठीक करने का झांसा देकर ठगी करने वाले अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का पता लगा। इसके बाद महिला ने थाने पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोपियों ने 22 अगस्त को भी धामपुर में एक महिला के कुंडल इसी तरह से ठग लिए थे। पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध अमरोहा, संभल और बिजनौर में कई प्राथमिकी दर्ज है। सीओ आलोक कुमार ने बताया कि अब पकड़े गए दोनों आरोपी करवाचौथ पर बाजार में उमड़ने वाली महिलाओं की भीड़ के चलते महिलाओं से आभूषण ठगने के इरादे से बिजनौर आए थे।