नामी कंपनी के नाम पर थर्माकोल भरे नकली गद्दे बेचकर ठगी कर रहे दो आरोपियों को पब्लिक ने शास्त्रीनगर से दबोचकर नौचंदी पुलिस को सौंप दिया। जबकि छह आरोपी फरार हो गए। यह गैंग मुरादाबाद का है, जो मेरठ में लोगों को अपना शिकार बना रहा था।
एसओ नौचंदी उमेश चंद पचौरी के अनुसार रविवार शाम शास्त्रीनगर में घूम रहा यह गैंग नामी कंपनी के गद्दे बताकर 1700-4000 रुपये के बीच बेच रहा था। शास्त्रीनगर निवासी रवीश अग्रवाल ने भी ये गद्दा इन युवकों से खरीदा। जैसे ही वह गद्दे को लेकर अंदर जाने लगे, तो उसकी पन्नी हट गई। उन्होंने देखा तो गद्दे के अंदर फोम की जगह टूटी फूटी थर्माकोल भरी थी। रवीश ने नौचंदी पुलिस को सूचना देकर आसपास के लोगों के साथ ठगों की तलाश की और शास्त्रीनगर में ही दो आरोपियों रईस और शानू निवासी कसला थाना ककोला मुरादाबाद को दबोच लिया।
एसओ के अनुसार गैंग में आठ लोग शामिल हैं। सभी मुरादाबाद के हैं। ये लोग पन्नी के अंदर थर्माकोल भरे गद्दे मुरादाबाद से ही खरीदते हैं। ये गद्दे 300-400 रुपये में मिलते हैं और लोगों को धोखा देकर चार हजार तक में बेच देते हैं। इन पर ब्रांडेड कंपनी की पन्नी चढ़ी होती है। इन्होंने अपने साथी पप्पू, शबलू, तसलीम, तालिब, दानिश और सुंदर के नाम बताए हैं। मेजिक गाड़ी का भी नंबर बताया है।