पांच गांवों के दलितों ने अपनाया बौद्ध धर्म
सहारनपुर जनपद के पांच गांवों के दलित समाज के लगभग 50 लोगों ने बौद्ध धर्म अपनाने का दावा किया। इस दौरान लोगों ने मानकमऊ स्थित बड़ी नहर पर पहुंचकर देवी देवताओं की प्रतिमाओं एवं कलेंडरों को नहर में विसर्जित किया। वहीं बीते बृहस्पतिवार को भी तीन गांव रूपड़ी, कपूरपुर और ईघरी के दलित समाज के 180 परिवारों ने बौद्ध धर्म अपनाए जाने का दावा किया था।
आपको बता दें कि शनिवार को ग्राम मानकमऊ, सबदलपुर, उनाली, बाड़ी माजरा, बनी खेड़ा के दर्जनों लोग एकत्रित होकर हाथों में देवी देवताओं के चित्र एवं मूर्तियां लेकर मानकमऊ स्थित बड़ी नहर पर पहुंचे। उन्होंने अन्य समाज के लोगों पर दलितों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया और बौद्ध धर्म अपनाने की बात कही। लोगों ने देवी देवताओं की प्रतिमाओं एवं चित्रों को प्रवाहित किया। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में रहते हुए जब उनका उत्पीड़न किया जा रहा है तो ऐसे धर्म में रहने का कोई औचित्य नहीं है। इस मौके पर लगभग 50 लोगों के धर्म परिवर्तन किए जाने का दावा किया गया। इस मौके पर सूर्य कर्णवाल, सूरज कुमार, धूम सिंह, विशाल, गौतम, विक्रम, अनिल कुमार, मोहित, शीशपाल, नीतिश, रजत समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।