हस्तिनापुर। कस्बे के माखननगर मार्ग पर स्थित शिव मंदिर में 6 जनवरी को की गई चोरी की वारदात में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी किया गया सामान बरामद किया है।
गांव माखननगर निवासी राजबल शर्मा ने तहरीर में बताया था कि कुछ अज्ञात लोगों ने शिव मंदिर की दीवार तोड़कर सामान व 14 हजार रुपये नकदी, लोहे का दरवाजा, एक क्विंटल लोहे की पत्ती व पाइप, विद्युत केबल, घंटा आदि कई समान चोरी कर लिए हैं। इसके संबंध में थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस द्वारा मामले की तहकीकात किए जाने पर दो लोगों के नाम प्रकाश में आए। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कस्बे की नहरवाई कॉलोनी निवासी आकाश और अमन उर्फ भेड़िया को बुधवार शाम कस्बे के रामलीला ग्राउंड तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पुलिस ने चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है। थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने चोरी की घटना का खुलासा किया।