मवाना। गांव सठला में दो युवकों द्वारा मंगलवार शाम रंजिश में एक व्यक्ति पर तमंचे से फायर करने के मामले में पीड़ित तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में इनके पास से दो तमंचे व दो कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया।
सठला निवासी आजम पुत्र शेरजमा ने मंगलवार रात दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि उसकी बहन साबिया की शादी गांव के ही आजम पुत्र जर्रार के साथ हुई थी। कारी आजम वर्तमान में ओमान में रहता है। आजम, साबिया को अपने साथ नहीं रखना चाहता। ईद की शाम शिकायतकर्ता ने साबिया के पति आजम और उसके घर वालों को समझौते के लिए बुलाया था, लेकिन वह लोग नहीं आए। साबिया के देवर फाजिल ने बड़े भाई आजम के कहने पर अपने भाई के बच्चों को घर से जबरन ले जाने की कोशिश की। विरोध किया तो दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। एक अप्रैल की शाम फाजिल और आदिल तमंचे लेकर आए और उस पर फायर किया, जिसमें वह बाल-बाल बचा। थाना प्रभारी विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी दोनों युवकों को दो तमंचे व दो कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है।