सरूरपुर। थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा निवासी पिता-पुत्र जाहिद उर्फ बबली और शाहनवाज को संरक्षित पशु की तस्करी के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 20 दिन पहले खेड़ी कलां के जंगल में अवैध रूप से संरक्षित पशु को तस्करी ले जा रहे थे। प्रकरण में पुलिस ने दोनों को उनके मकान से गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि 12 अक्तूबर को खेड़ी कलां मार्ग पर भट्ठे के पास एक वाहन में कुछ लाेग संरक्षित पशु की तस्करी कर हत्या करने के लिए ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर वह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तो आरोपी संरक्षित पशु को गाड़ी में छोड़कर भाग गए थे। इस संबंध में पुलिस ने मोहम्मद कैफ निवासी गांव डासना थाना मसूरी जिला गाजियाबाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस तभी से मामले की जांच कर रही थी। जांच में पिता-पुत्र जाहिद उर्फ बबली व शाहनवाज के नाम प्रकाश में आए थे। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को बृहस्पतिवार को उनके मकान से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने तस्करी करने की बात स्वीकार की है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से दोनों को जेल भेज दिया। मुकदमे में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी है।