- पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी, पूछताछ में ट्रकों से सरिया उतारकर सस्ते दामों पर बेचने की बात कबूली
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। गंगनहर पटरी पर चोरी का सरिया उतारकर बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सरिये से लदे दो डीसीएम वाहन बरामद किए हैं। आरोपियों के कब्जे से जमीन पर उतारा गया सरिया भी मिला है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीओ आशुतोष कुमार के अनुसार, पुलिस को गश्त के दौरान गंगनहर पटरी पर दो डीसीएम वाहन खड़े दिखाई दिए। दोनों वाहनों में सरिया लदा था। कुछ लोग वाहनों से सरिया उतारकर जमीन पर रख रहे थे। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। टीम ने पीछा कर दो लोगों को मौके पर पकड़ लिया, जबकि उनके अन्य साथी फरार हो गए।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपनी पहचान गांव कुलंजन निवासी मोहसिन और वसई के रूप में बताई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे आने-जाने वाले सरिया लदे ट्रकों और कैंटरों के चालकों से मिलीभगत कर या चोरी-छिपे गंगनहर पटरी पर सरिया उतार लेते थे। इसके बाद उसे बाजार में सस्ते दामों पर बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने मौके से दो डीसीएम वाहन बरामद किए हैं। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फरार साथियों की पहचान और उनकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।