मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र की एक महिला ने बुधवार को एसएसपी ऑफिस पर उसके 18 वर्षीय विकलांग व मंदबुद्धि बेटे के साथ कुकर्म का आरोप लगाते हुए दो आरोपियों के खिलाफ शिकायत पत्र देते हुए कार्रवाई की मांग की। बेटे की तबियत बिगड़ने पर परिजनों को मामले की जानकारी हुई। पीड़िता ने थाना पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया है। उच्च अधिकारियों ने महिला को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जयदेवी नगर के एक मोहल्ले निवासी महिला ने बुधवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देते हुए बताया कि उनका 18 वर्षीय बेटा विकलांग व मंदबुद्धि है। 17 अगस्त को उनका बेटा घर के बाहर मौजूद था। पीड़िता के अनुसार दो आरोपी उनके बेटे को बहला-फुसलाकर खेत पर ले गए थे। आरोप है कि आरोपियों ने उनके बेटे के साथ कुकर्म किया था। बेटे के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की थी। आरोपियों ने पुलिस व परिजनों से शिकायत करने पर किशोर को जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़िता के अनुसार 18 अगस्त को बेटे की तबियत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां बेटे ने परिजनों को घटना की जानकारी दी थी। बेटे की बात सुनकर परिजन परेशान हो गए। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि तहरीर मिल गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।