नोट:-हापुड़ के ध्यानार्थ
पुलिस ने हत्या की सुपारी देने पर बेटे की जान लेने के आरोप में भेजा था जेल
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। खरखौदा थाना क्षेत्र में एक जून को हुई हापुड़ के गांव दयोमी निवासी तुषार त्यागी की हत्या के आरोपी पिता सुंदर त्यागी को न्यायालय से जमानत मिल गई। इसके बाद जमानत रद करने के लिए याचिका दायर की गई है। इस पर बुधवार यानी आज सुनवाई होगी। पुलिस ने इस मामले में सुंदर त्यागी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोप था कि तुषार त्यागी ने अपने पिता की हत्या की सुपारी दी थी। इसके चलते सुंदर त्यागी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर बेटे की हत्या की थी।
मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर पांची गांव के अंडरपास के नीचे एक जून की रात स्कॉर्पियो सवार हापुड़ निवासी तुषार त्यागी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पहले तुषार की बहन मोना ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी कि उनके पिता सुंदर ने भाई की हत्या की है। बाद में तुषार की पत्नी शिखा ने गांव के ही तरुण त्यागी व हापुड़ निवासी बिट्टू उर्फ अरविंद त्यागी के खिलाफ खरखौदा थाने पर पति की हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बहन ने भी वीडियो जारी कर अपने पिता के निर्दोष होने का दावा किया था।
पुलिस ने 36 बीघा भूमि का विवाद बताते हुए देहरादून में रह रहे सुंदर त्यागी, उसके साथी देहरादून निवासी अमित को गिरफ्तार किया था। बाद में बिट्टू त्यागी ने न्यायालय में आत्म समर्पण कर दिया था। तरुण त्यागी की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता वैभव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी सुंदर त्यागी को 23 जुलाई को स्पेशल जज एससी-एसटी कोर्ट से जमानत मिल गई थी। अब जिला जज की अदालत में आरोपी की जमानत निरस्त करने के लिए याचिका दायर की है। इस याचिका पर अब एससी-एसटी कोर्ट में ही बुधवार आज सुनवाई होगी।
-
नाम बदलकर देहरादून में प्रॉपर्टी डीलिंग कर रहा था सुंदर
खुलासे के दौरान पुलिस ने जानकारी दी थी कि आरोपी सुंदर त्यागी हापुड़ का हिस्ट्रीशीटर रह चुका है। वह देहरादून में विकास सुमन नाम रखकर प्रॉपर्टी डीलिंग कर रहा था। इस नाम से उसने अपने पहचान पत्र भी बना लिए थे। उसने लाइसेंसी पिस्टल ले ली थी। इसी पिस्टल से उसने वारदात की। बाद में पुलिस ने सुंदर को रिमांड पर लेकर पिस्टल देहरादून के एक गन हाउस से बरामद की थी।