रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने पहुंची पीड़िता।
- फोटो : अमर उजाला
सिविल लाइन इलाके में बुधवार को दसवीं की छात्रा को दो युवकों ने जबरन उठाने की कोशिश की। छात्रा के शोर मचाने पर उसकी मां दौड़ी, तब जाकर आरोपी वहां से भागे। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के परिजनों से इस मामले की शिकायत की तो दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव हो गया। पुलिस ने किसी तरह से स्थिति को संभाला।
मामला सिविल लाइन की पाश कॉलोनी संजयनगर का है। छात्रा और उसकी मां घर पर थी। आरोप है कि दो युवक उनकी छत पर पतंग जाने की बात कहकर आए। युवकों ने छात्रा से छेड़छाड़ कर दी, विरोध करने पर आरोपी छात्रों को जबरन उठाकर ले जाने लगे। इससे पहले लोग घेराबंदी करते आरोपी फरार हो गए। लोगों ने हंगामा किया। छात्रा की मां का आरोप है कि एक आरोपी उनके मोहल्ले का रहना है। पीड़ित परिवार आरोपी की शिकायत करने उसके घर पहुंचे। उसके परिजनों ने छात्रा के परिजनों को धमकाकर भगा दिया। इसको लेकर दोनों परिवार के लोग आमने सामने आ गए। दोनों में मारपीट और पथराव हुआ। पीड़ित परिवार ने सिविल लाइन थाने में केस दर्ज कराया है। एसएसआई ओमबीर गुप्ता ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है।
फैंटम न पहुंचती तो होता बवाल
छात्रा से हुई वारदात की जानकारी लगते ही सिविल लाइन थाने की फैंटम तुरंत मौके पर पहुंची। फैंटम पर तैनात सिपाहियों ने लोगों को समझा शांत किया। पुलिस का मानना है कि अगर थोड़ी ओर देर हो जाती तो बवाल बढ़ सकता था।