सरूरपुर। सरधना-बिनौली रोड पर खिवाई मोड़ स्थित पुलिस चेक पोस्ट के पास अवैध तरीके से खड़े मालवाहक वाहन जाम व हादसों का कारण बन रहे हैं। रोड पर अवैध तरीके से लंबी कतार में दर्जनों ट्रक प्रतिदिन खड़े रहते हैं।
कस्बा खिवाई निवासी मोबीन, सुएब, आस मोहम्मद, कामिल, राहुल, रोहित, पंकज, मोनू ने बताया कि खिवाई मोड़ के पास एक फैक्टरी है। इसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रक माल लेकर आते व जाते हैं। जब फैक्टरी में माल खाली करने की जगह नहीं मिलती तो ट्रक चालक अपने ट्रकों को रोड पर ही खड़ा कर देते हैं। इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि तीव्र गति से आ रहे दोपहिया और चौपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का भी सामना करना पड़ सकता है। कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहनों को भी इस अवैध पार्किंग के कारण रुकना पड़ जाता है।
लोगों का आरोप है कि पुलिस चेक पोस्ट से महज 50 मीटर की दूरी पर अवैध पार्किंग पुलिस को भी खुलेआम चुनौती दे रही है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में सख्त ट्रैफिक नियम लागू किए जाएं और सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जिससे हादसों को रोका जा सके और लोगों को जाम से राहत मिल सके।
एसपी ट्रैपिक राघवेंद्र मिश्रा का कहना है कि थाना पुलिस से कहकर रोड पर खड़े वाहनों को हटवा दिया गया है। साथ ही फैक्टरी संचालक को हिदायत दी गई है कि रोड पर कोई वाहन पार्किंग नहीं करे। यातायात के नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।