सरधना। दौराला रोड पर जौ के ट्रकों से हो रहा अतिक्रमण और गंदगी। संवाद
- सड़क के दोनों ओर ट्रकों का जमावड़ा, कीचड़ से राहगीर परेशान, कार्रवाई नहीं होने से लोगों में रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। सरधना-दौराला मार्ग पर सड़क के दोनों ओर खड़े रहने वाले जौ से लदे ट्रकों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कारोबारियों द्वारा ट्रकों को सड़क किनारे खड़ा कर दिया जाता है। इससे मुख्य मार्ग की चौड़ाई कम हो जाती है और दिनभर जाम व हादसों का खतरा बना रहता है।
बरसात के दिनों में सड़क किनारे कीचड़ फैलने से स्थिति और भी खराब हो जाती है। ट्रकों के कारण वाहनों को सड़क के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। ऐसे में सामने से आने वाले वाहनों और दोपहिया चालकों को काफी परेशानी होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद सड़क किनारे ट्रकों के खड़े होने पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने बताया कि कई बार ट्रकों के कारण मार्ग संकरा होने से दुर्घटनाएं होते-होते बचती हैं।
आरोप है कि पुलिस और प्रशासन की अनदेखी के कारण यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे ट्रकों को खड़ा करने पर रोक लगाने, कीचड़ की समस्या दूर कराने और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
उप जिलाधिकारी उदित नारायण सेंगर का कहना है कि तहसील टीम को मौके पर जाकर जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सरधना। दौराला रोड पर जौ के ट्रकों से हो रहा अतिक्रमण और गंदगी। संवाद